उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर जोन के सभी जनपद प्रभारियों, जिलाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक नोडल अधिकारियों तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, संचालन, पारदर्शिता और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
एडीजी ने कहा ये
समीक्षा बैठक के दौरान एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए जवाबदेही तय हो।
बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एडीजी ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने संवेदनशील और महत्वपूर्ण सूचनाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, गड़बड़ी या परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले प्रयासों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
ये अफसर रहे मौजूद
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। समीक्षा बैठक में आकाश कुलहरि, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र, तथा हरीश चन्दर, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।