यूपी में दीपावली-छठ पर पुलिस की छुट्टी रद्द, 5 से 17 नवंबर तक नहीं मिलेगा अवकाश

Share This

लखनऊ। दीपावली और छठ पूजा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में 5 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी पुलिसकर्मियों की हर तरह की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण की ओर से जारी आदेश के बाद सभी जिलों में इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी किया गया पत्र

मुख्यालय से जारी पत्र सभी डीजी, एडीजी, पुलिस कमिश्नर, डीआईजी और सभी जिलों के एसएसपी को भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि आने वाले त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता है। इसी वजह से 13 दिनों तक छुट्टियों पर पूरी तरह रोक रहेगी।

Image

आदेश के अनुसार, इस अवधि में कोई भी पुलिसकर्मी सामान्य छुट्टी पर नहीं जा सकेगा। जो जवान पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें भी निर्देश के दायरे में माना जाएगा। हालांकि, किसी विशेष परिस्थिति में छुट्टी की जरूरत होने पर संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पर छुट्टी दे सकेंगे। लेकिन इसके लिए ठोस कारण बताना होगा।

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़, पटाखों को लेकर विवाद, यातायात का दबाव और छठ पूजा के दौरान घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों का जुटना, सभी जगह पर्याप्त पुलिस बल की जरूरत होगी। त्योहारों के समय असामाजिक तत्वों की सक्रियता भी बढ़ जाती है। ऐसे में फोर्स की कमी से सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ सकती है।

इसी को देखते हुए सभी जिलों को पहले से ही अपनी ड्यूटी योजना तैयार करने को कहा गया है। संवेदनशील इलाकों, बाजारों, मंदिरों, घाटों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अतिरिक्त पुलिस तैनात की जाएगी। महिला पुलिसकर्मियों को भीड़ वाले स्थानों पर विशेष रूप से लगाया जाएगा।

कप्तानों को दिया गया आदेश

जिलों के कप्तानों को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन कराएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस मुख्यालय से भी जिलों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

त्योहारों के दौरान पुलिस की छुट्टी रद्द होना कोई नई बात नहीं है। हर साल बड़े त्योहारों पर इसी तरह के आदेश जारी होते हैं, ताकि आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके। इस बार भी पुलिस का पूरा फोकस शांतिपूर्ण और सुरक्षित त्योहार कराने पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *