UP Police भर्ती बोर्ड की सख्ती: परीक्षा के प्रश्नपत्र साझा करने पर होगी कानूनी कार्रवाई

Share This

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों और अन्य हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर परीक्षा के प्रश्नपत्रों, उनके कंटेंट, चर्चा, विश्लेषण या प्रसारण से संबंधित किसी भी गतिविधि पर प्रतिबंध रहेगा।

भर्ती बोर्ड ने कहा ये

बोर्ड द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत ऐसी गतिविधियां दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती हैं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा समाप्त होने के बाद या परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र, प्रश्नों का विवरण, स्क्रीनशॉट, वीडियो, फोटो या किसी भी प्रकार की सामग्री सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से साझा करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

बोर्ड ने यह भी चेतावनी दी है कि परीक्षा केंद्रों से प्राप्त मूल OMR शीट, उसकी फोटो कॉपी, स्क्रीनशॉट या अन्य गोपनीय सामग्री को अनधिकृत रूप से अपने पास रखना भी नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी या व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

बोर्ड ने की अपील

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी भ्रामक या अवैध गतिविधि से दूर रहें। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं। यह निर्देश आगामी पुलिस भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *