गाजियाबाद में सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही की मौत, अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

Share This

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पुलिस के सिपाही की मौत हो गई। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सिपाही को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय प्रभात शर्मा के रूप में हुई है। वह गाजियाबाद पुलिस लाइन में रेडियो ऑपरेटर के पद पर तैनात थे।

जानकारी के मुताबिक, प्रभात शर्मा मूल रूप से मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र की गांधी कॉलोनी के रहने वाले थे। उनकी वर्ष 2025 में ही उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुई थी। वर्तमान में उनकी तैनाती गाजियाबाद पुलिस लाइन में थी, जहां वह रेडियो ऑपरेटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगी थी ड्यूटी

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रभात शर्मा की ड्यूटी गाजियाबाद में लगाई गई थी। इसी सिलसिले में वह गुरुवार सुबह बाइक से जा रहे थे। जब वह मोदीनगर के गोविंदपुरी इलाके में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने प्रभात शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। वहीं, पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। महज एक साल पहले पुलिस सेवा में आए प्रभात शर्मा की मौत से उनके परिवार और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *