इटावा में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Share This

इटावा में मंगलवार देर रात थाना वैदपुरा पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ऐसे हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर वैदपुरा थाना पुलिस बरी तिराहे पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहा आरोपी नगला बरी तिराहे से नगरिया मार्ग की तरफ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

कौन है आरोपी

पकड़े गए आरोपी की पहचान सुभाष यादव निवासी एटा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *