लखनऊ पुलिस विभाग में एक कांस्टेबल द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस कमिश्नर ने निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया, जिसमें पुलिस लाइन के आरआई और गणना प्रभारी पर ड्यूटी लगाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप लगाए गए थे।
कौन हैं सुनील कुमार
सुनील कुमार शुक्ला 2015 बैच के सिपाही हैं और मूल रूप से अमेठी के गौरीगंज के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने लगातार तीन वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें उन्होंने दावा किया कि पुलिस लाइन में तैनात कुछ जिम्मेदार अधिकारी सिपाहियों से हर महीने लगभग 2 हजार रुपये की अवैध वसूली करते हैं। इन वीडियो के वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
पुलिस कमिश्नर ने कहा ये
पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले को यूपी पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी का गंभीर उल्लंघन माना है। लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने स्पष्ट किया कि विभागीय मामलों को सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर उठाना नियमों के खिलाफ है और अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।
इसी प्रकरण में नाका कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल नीतू सिंह को भी निलंबित किया गया है, जिन्होंने भी इसी तरह के आरोपों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पुलिस विभाग की आंतरिक कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।