रामपुर में पुलिस पर रौब, बेल्ट लेकर जवान को खदेड़ा, वर्दी की साख पर सवाल

Share This

 

रामपुर। कचहरी में अक्सर पुलिस और वकीलों के बीच टकराव की खबरें आती हैं, लेकिन इस बार हद हो गई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के राहे मुर्तजा रोड पर एक पुलिसकर्मी को बेल्ट से दौड़ा दिया गया। वो भी तब जब वो झगड़ा शांत कराने गया था।

ये है मामला 

हुआ यूं कि कचहरी रोड पर दो अधिवक्ताओं में किसी केस या पुरानी रंजिश को लेकर बहस हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर ही एक पुलिस जवान तैनात था, जो किसी वीआईपी या अधिकारी का गनर बताया जा रहा है। उसने बीच में आकर दोनों को अलग करने की कोशिश की।

इसी दौरान एक अधिवक्ता जैसी वेशभूषा वाले व्यक्ति ने आपा खो दिया। उसने अपनी बेल्ट निकाल ली और पुलिसकर्मी को ही गाली-गलौज करते हुए दौड़ा लिया।

वायरल हो रहे 20 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी हाथ में सरकारी कार्बाइन पकड़े सड़क पर भाग रहा है। पीछे-पीछे बेल्ट लहराता हुआ शख्स उसे धमका रहा है। आसपास खड़े लोग तमाशा देखते रहे, किसी ने रोकने की हिम्मत नहीं की।

ये वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए कि जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं तो आम आदमी का क्या होगा।

अफसरों ने बैठाई जांच

पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित जवान की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। एएसपी ने भी कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई होगी, किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *