Aligarh: भीषण गर्मी में सड़कों पर उतरे एसएसपी, पैदल मार्च कर परखा सुरक्षा इंतजाम

Share This

अलीगढ़। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन सोमवार को खुद सड़कों पर उतरे और पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल मार्च किया। भीषण गर्मी के बावजूद चार किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्च में अधिकारी और जवान लगातार मुस्तैदी के साथ आगे बढ़ते रहे।

यहां हुआ पैदल मार्च

पैदल मार्च शमशाद चौराहा से शुरू होकर बरौला बाइपास, सूतमील चौराहा, जीटी रोड, तहसील तिराहा, नुमाइश ग्राउंड होते हुए रिजर्व पुलिस लाइन तक निकाला गया। इस दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिस बल की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था का संदेश साफ नजर आया।

मार्च के दौरान एसएसपी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी राय जानी। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

एसएसपी ने दिए निर्देश 

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गश्त रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों की जांच में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने साफ कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

भीषण गर्मी में पुलिस का यह पैदल मार्च सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आमजन में भरोसा कायम करने और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देने का भी माध्यम बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *