उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पदभार ग्रहण करते ही जो संकेत दिए, वे स्पष्ट हैं—अब यूपी पुलिसिंग को नई धार और दिशा मिलने जा रही है। अब उन्होंने प्रदेशभर के वरिष्ठ अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बात की और 10 अहम प्राथमिकताएं तय करते हुए स्पष्ट किया—अब अपराध पर ज़ीरो टॉलरेंस सिर्फ नारा नहीं, नीति होगी।
ये है डीजीपी राजीव कृष्ण की पुलिसिंग नीति
1. अपराध पर पूर्ण प्रहार अपराध और अपराधी दोनों के लिए कोई ढिलाई नहीं। जिलों को कहा गया—टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट बनाओ, सख़्त कार्रवाई करो और तकनीक के ज़रिए निगरानी भी रखो।
2. महिला सुरक्षा सर्वोपरि राजीव कृष्ण ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कहा—”Broken Window Theory” जैसे सिद्धांत अब जमीन पर उतरेंगे। रात में अकेली चलती महिला अब डरी नहीं, भरोसे में होनी चाहिए।
3. शिकायतों का त्वरित समाधान लोग मुख्यालय तक शिकायत लेकर आएं, ये पुलिसिंग की असफलता है। सभी अधिकारी फील्ड में ही समस्याओं को गंभीरता से निपटाएं—यह निर्देश साफ है।
4. कानून-व्यवस्था में माइक्रो प्लानिंग बंदोबस्त और लॉ एंड ऑर्डर अब सामान्य कवायद नहीं रहेगी। छोटी से छोटी सूचना पर फोकस और लीडरशिप के जरिए सतर्कता बढ़ाई जाएगी।
5. साइबर क्राइम पर शिकंजा प्रदेश को साइबर सुरक्षा में नंबर-1 बनाना लक्ष्य है। इसके लिए हर थाने को तकनीकी दक्षता से लैस किया जाएगा और आम लोगों में जागरूकता फैलाई जाएगी।
6. बेहतर सेवाओं के लिए ऐप-सक्षम पुलिसिंग ‘UPCOP’ ऐप की समीक्षा होगी। कौन सी सेवा और जोड़ी जा सकती है, इस पर सुझाव मांगे गए हैं। इंटरनेशनल बेस्ट प्रैक्टिसेज को शामिल करने की योजना है।
7. पुलिसकर्मी भी पहले नागरिक हैं राजीव कृष्ण ने कहा—हर सिपाही को भरोसा होना चाहिए कि विभाग उसके साथ है। कल्याणकारी योजनाओं को ज़ोन और रेंज स्तर तक पहुँचाया जाएगा।
8. प्रतिभा की पहचान और दिशा नए आरक्षियों में छिपे टैलेंट को पहचानने और उन्हें उपयुक्त ज़िम्मेदारी देने की प्रक्रिया शुरू होगी। अब आरक्षक भी नीति-निर्धारण में सहायक बन सकते हैं।
9. AI आधारित स्मार्ट पुलिसिंग राज्य को AI-बेस्ड पुलिसिंग में अग्रणी बनाने का खाका तैयार किया जा रहा है। इसके लिए टेक-सक्षम पुलिस अफसरों की पहचान की जाएगी।
10. प्रशिक्षण ही प्रगति की कुंजी हर पुलिसकर्मी को सेवा के हर चरण में प्रशिक्षित करना डीजीपी की प्राथमिकता है। इससे सेवाओं की गुणवत्ता और जवाबदेही दोनों सुधरेगी।