UP सिपाही पर दहेज में 20 लाख मांगने का आरोप, इटावा की महिला ने दर्ज कराया केस

Share This

सहारनपुर में तैनात एक पुलिस सिपाही और उसके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इटावा की एक महिला ने सिपाही समेत 7 लोगों पर शादी के नाम पर ठगी और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है।

ये है मामला 

पीड़िता इटावा की मंजू देवी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सपना का रिश्ता सहारनपुर में तैनात सिपाही मोहित कुमार से तय किया था। दोनों की पहचान एक मैरिज ग्रुप के जरिए हुई थी।

मार्च में आगरा में लड़का-लड़की की पहली मुलाकात हुई, फिर अप्रैल और मई में सगाई तक बात पहुंच गई। इस दौरान लड़की वालों ने सगाई, होटल और शगुन में लाखों रुपए खर्च कर दिए।

मंजू का आरोप है कि सब कुछ तय होने के बाद लड़के पक्ष का असली रंग सामने आया। 7 जून को मोहित के पिता, चाचा और भाई अचानक इटावा स्थित उनके घर आ धमके। उन्होंने कहा – 15 लाख में बात तय हुई थी, अब शादी करनी है तो 5 लाख और लाओ।

परिवार के मुताबिक, मैरिज होम, हलवाई और कार्ड तक बंट चुके थे। इज्जत बचाने के लिए उन्होंने किसी तरह 5 लाख का इंतजाम कर उन्हें दे भी दिया।

फिर 20 लाख की नई डिमांड

इतने पर भी बात नहीं रुकी। आरोप है कि सिपाही मोहित रोज फोन कर बेटी को ताने मारने लगा। कभी बाइक-कार के लिए कैश, तो कभी सीधे 20 लाख कैश की डिमांड। यहां तक कहा कि ससुराल आने के बाद घर का सारा काम तुम्हें ही करना होगा।

परेशान होकर मंजू ने 15 सितंबर को SSP से शिकायत की। शिकायत के साथ उन्होंने होटल, बैंक्वेट हॉल और ज्वैलरी की रसीदें भी लगाई हैं।

पुलिस ने सिपाही, उसके मां-बाप, चाचा-चाची और भाई-भाभी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *