उरई: जालौन जिले में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जिसके बाद बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
ये है मामला
पीड़िता का कहना है कि दिसंबर 2025 में उसकी मुलाकात औरैया निवासी क्षितिज गौतम से हुई, जो वर्तमान में फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। बातचीत बढ़ने पर आरोपित ने शादी का प्रस्ताव रखा और भरोसा दिलाया कि जल्द ही दोनों विवाह करेंगे। इसी विश्वास में युवती उससे विभिन्न स्थानों पर मिलने जाती रही।
शिकायत के अनुसार, आरोपित ने उरई, कानपुर, औरैया, आगरा समेत कई शहरों में मुलाकात के दौरान शादी का आश्वासन देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह की बात दोहराई तो वह टालमटोल करने लगा। बाद में उसने बातचीत कम कर दी और फिर पूरी तरह संपर्क खत्म कर लिया।
पीड़िता को बाद में जानकारी मिली कि सिपाही का रिश्ता कहीं और तय हो गया है। इसके बाद उसने जालौन कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
केस हुआ दर्ज
सीओ जालौन के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित सिपाही के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।