सीवान AK-47 फायरिंग मामले पर बिहार पुलिस का स्पष्टीकरण, जवान सस्पेंड; प्रेस विज्ञप्ति में बताई पूरी घटना

Share This

सीवान में 25 जुलाई को बंद के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा AK-47 से फायरिंग किए जाने के मामले में बिहार पुलिस मुख्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। 27 जुलाई 2026 को जारी इस आधिकारिक बयान में पुलिस ने कहा कि जेपी चौक के पास बंद समर्थकों द्वारा घेर लिए जाने पर वहां तैनात सिपाही अभिषेक कुमार ने जान-माल और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के उद्देश्य से AK-47 की बैरल ऊपर रखते हुए चार राउंड हवाई फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, फायरिंग वाली जगह पर भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

प्रेस रिलीज में कहा गया ये

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि घटना के बाद सिपाही अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है।

Siwan AK47 Firing Bihar Police Clarification

घटना में घायल होने के दावों पर भी पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। विज्ञप्ति के अनुसार, 17 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और 22 वर्षीय आकाश कुमार हाफिज चौक पर घायल हुए, जो जेपी चौक से करीब 1.5 किलोमीटर दूर स्थित है। वहीं 20 वर्षीय बुलेट कुमार गौड़ ट्रैफिक थाना के पास घायल पाए गए, जो घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद सीवान सदर अस्पताल से पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया था। इनमें मोहम्मद आरिफ को अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है।

बिहार पुलिस ने दी जानकारी

बिहार पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि तीनों घायलों के फर्दबयान के आधार पर सीवान नगर थाना में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों की कांड संख्या क्रमशः 721/26, 722/26 और 723/26 है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *