मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसी कड़ी में रामपुर तिराहा पुलिस चौकी को यात्रा समाप्त होने तक अस्थायी थाना घोषित किया गया है। यह फैसला बढ़ती भीड़, ट्रैफिक प्रबंधन और त्वरित पुलिस कार्रवाई को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
अफसरों ने कहा ये
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अस्थायी थाने का संचालन उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र के नेतृत्व में होगा। उनके साथ अलग-अलग थानों से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके। टीम में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है, जिससे महिला श्रद्धालुओं से जुड़े मामलों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
रामपुर तिराहा कांवड़ यात्रा का अहम पड़ाव माना जाता है। हरिद्वार से लौटने वाले श्रद्धालुओं का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की ओर जाता है। यात्रा के दौरान यहां वाहनों और कांवड़ियों का अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे में पुलिस ने इस स्थान को नियंत्रण केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।
अस्थायी थाने से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई जैसी व्यवस्थाओं का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में गश्त भी करेंगे, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए।
एसएसपी ने दी जानकारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रामपुर तिराहा पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ चौकी को अस्थायी थाना बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभाला जा सके।