सोनभद्र जिले के करमा थाना क्षेत्र के करकी गांव की तीन बहनों ने अपनी मेहनत और लगन से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। सुमन सिंह पटेल, मंजू सिंह पटेल और आराधना सिंह पटेल ने यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा पास कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है और लोग उन्हें बेटियों के लिए प्रेरणा मान रहे हैं।
किसान हैं पिता
इन तीनों बहनों के पिता अनिल सिंह पटेल किसान हैं, जबकि माता राजकुमारी देवी गृहिणी हैं। इनका परिवार संघर्ष और मेहनत की मिसाल रहा है। इनके दादा यज्ञ नारायण सिंह पटेल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना योगदान दिया था। अब उनकी आने वाली पीढ़ी भी अपनी कड़ी मेहनत से समाज में नई पहचान बना रही है।
इस परिवार के कई सदस्य विभिन्न सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। यज्ञ नारायण सिंह पटेल के वंशजों में चार सदस्य यूपी पुलिस में सिपाही हैं। इसके अलावा, श्याम ललित सिंह पटेल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि शिवललित सिंह पटेल यूपीपीसीएल में इंजीनियर हैं। परिवार के एक अन्य सदस्य अवधेश सिंह पटेल भी यूपी पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह परिवार मेहनत, शिक्षा और देशसेवा का उदाहरण बन चुका है।
मेहनत से पास की परीक्षा
सुमन, मंजू और आराधना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हंस वाहिनी इंटरमीडिएट कॉलेज, कसया कला से पूरी की और फिर जेपीएस महाविद्यालय, कसया कला से आगे की पढ़ाई की। गांव में रहते हुए ही तीनों ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की।
इनकी यह उपलब्धि समाज में बेटियों की आत्मनिर्भरता और दृढ़ निश्चय का प्रतीक बन गई है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत में कोई कमी न हो, तो किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।