मेरठ जोन में इंस्पेक्टरों की बड़ी अदला-बदली, पांच साल वाले अफसरों को मिला नया जिला

Share This

मेरठ। रविवार को मेरठ जोन की पुलिस व्यवस्था में एक साथ बड़ा बदलाव देखने को मिला। जोन के चार जिलों में लंबे समय से जमे 149 इंस्पेक्टरों को एक झटके में इधर से उधर कर दिया गया। इस फेरबदल में मेरठ के सबसे ज्यादा 58 इंस्पेक्टर हैं। इसके अलावा बुलंदशहर के 47, बागपत के 24 और हापुड़ के 20 इंस्पेक्टरों को भी नई तैनाती मिली है।

नियम के अनुसार है ये

दरअसल, विभाग का नियम है कि कोई भी इंस्पेक्टर एक ही जिले में पांच साल से ज्यादा नहीं रह सकता। जिन अफसरों का कार्यकाल पूरा हो गया था, उनकी सूची लखनऊ मुख्यालय से आई थी। उसी के आधार पर पुलिस स्थापना बोर्ड ने फैसला लिया और एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने तबादला आदेश जारी कर दिया।

इस बार तबादलों में खास बात यह रही कि मेरठ के इंस्पेक्टरों को आसपास के ही तीन जिलों में भेजा गया है। कुछ को बुलंदशहर की जिम्मेदारी मिली है, कुछ हापुड़ पहुंचेंगे और कुछ को बागपत जाना होगा। इसी तरह बुलंदशहर, हापुड़ और बागपत में तैनात इंस्पेक्टर भी मेरठ और एक-दूसरे के जिलों में जाएंगे। इससे सभी थानों में नए चेहरे नजर आएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से एक ही जगह रहने से कई इंस्पेक्टरों की स्थानीय पकड़ काफी मजबूत हो गई थी। विभाग नहीं चाहता कि थानों में कोई अफसर इतना प्रभावशाली हो जाए कि व्यवस्था पर असर पड़े। इसी सोच के तहत यह रोटेशन किया गया है।

एडीजी दफ्तर से जारी हुआ आदेश

एडीजी कार्यालय से सभी एसएसपी और एसपी को साफ निर्देश दिए गए हैं कि तबादला सूची में नाम वाले इंस्पेक्टरों को तुरंत कार्यमुक्त किया जाए। उन्हें नई जगह पर जाकर जल्द से जल्द कार्यभार संभालना होगा, ताकि थानों का कामकाज प्रभावित न हो। पुलिस महकमे में इस बड़े फेरबदल को लेकर चर्चा तेज है। कई इंस्पेक्टरों को मनचाही पोस्टिंग नहीं मिली, तो कुछ को राहत भी मिली है। अब देखना होगा कि नए जिलों में ये अफसर कानून-व्यवस्था को कितना संभाल पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *