साइबर ठगी के तार गाजीपुर से देवघर तक जुड़े, 1.62 लाख रुपये के मामले में यूपी पुलिस ने आरोपी को थमाया नोटिस

Share This

देवघर। साइबर ठगी के एक मामले की जांच करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस झारखंड के देवघर पहुंची। मामला गाजीपुर जिले के एक व्यक्ति के बैंक खातों से 1.62 लाख रुपये से अधिक की निकासी से जुड़ा है। इस केस में जांच के दौरान सामने आए अमित कुमार दास को नोटिस देने के लिए गाजीपुर की दुल्लहपुर थाना पुलिस ने देवघर के कुंडा थाना की मदद ली। पुलिस टीम दोनिहारी गांव स्थित उसके घर पहुंची और नोटिस रिसीव कराया।

एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे तो खुला मामला

इस पूरे मामले की शुरुआत गाजीपुर के छपरी गांव निवासी चंदन कुमार की शिकायत से हुई थी। चंदन के मुताबिक, उनका मोबाइल फोन हैक होने के बाद मोबाइल नंबर का नेटवर्क और सिस्टम बंद हो गया था। इसके अलावा आधार कार्ड भी लॉक हो गया और आधार नंबर होल्ड हो गया। इसी दौरान उनके बैंक खातों से रकम निकाल ली गई।

तीन बैंकों के खातों को बनाया निशाना

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खातों से यूपीआई के जरिए कुल 1,62,814 रुपये की निकासी हुई। खाते से पैसे निकलने की जानकारी उन्हें एटीएम से नकदी निकालने के दौरान मिली। इसके बाद उन्होंने दुल्लहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के बाद देवघर पहुंची पुलिस

शिकायत पर 31 अक्टूबर 2025 को आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच के दौरान मोबाइल नंबर और बैंक खातों से संबंधित जानकारियां जुटाईं। इसी क्रम में अमित कुमार दास का नाम सामने आने के बाद नोटिस तामिला कराने की कार्रवाई की गई।

दुल्लहपुर थाने के आरक्षी अश्वनी पासवान ने कुंडा थाना प्रभारी को आवेदन देकर स्थानीय पुलिस बल की सहायता मांगी थी। इसके बाद कुंडा पुलिस के सहयोग से यूपी पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर नोटिस सौंपा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *