ट्रक दाखिल करने में देरी पड़ी भारी, नोएडा में SOG प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Share This

 

लापरवाही बरतना नोएडा पुलिस के छह कर्मियों को भारी पड़ गया। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने शनिवार को फेज-2 थाने में तैनात एसओजी प्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। सभी पर ड्यूटी में गंभीर लापरवाही का आरोप है।

ये पुलिसकर्मी सस्पेंड

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक विकास कुमार, मुख्य आरक्षी जुबैर रिजवी और आशीष कुमार, आरक्षी भूदेव और आशू शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली से चोरी हुआ सिगरेट से लदा एक ट्रक और थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में मिला एक अन्य ट्रक पुलिस के हाथ लगा था। नियम के अनुसार, दोनों ट्रकों को जल्द थाने के मालखाने में दाखिल करना था और संबंधित थाने को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई करनी थी। लेकिन पुलिसकर्मियों ने इसमें अनावश्यक देरी कर दी।

आरोप है कि ट्रकों को समय पर दाखिल नहीं किया गया, जिससे जांच प्रभावित हुई और विभाग की छवि भी खराब हुई। मामला जब उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो जांच कराई गई। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर डीसीपी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी छह को निलंबित कर दिया।

डीसीपी ने कहा ये

डीसीपी का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे वह छोटा कर्मचारी हो या प्रभारी, सभी को नियमों के तहत काम करना होगा।

इस कार्रवाई के बाद फेज-2 थाने में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों में भी खलबली मची हुई है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई जरूरी है।

फिलहाल निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *