रामपुर में एसपी की सख्ती, नियम तोड़ने वाले 50 पुलिसकर्मियों के कटे चालान, बोले – पहले खुद सुधरो फिर जनता को समझाओ

Share This

 

 

रामपुर। आपने अक्सर देखा होगा – चौराहे पर पुलिस वाला बिना हेलमेट के बाइक पर फर्राटा भर रहा है और दूसरी तरफ आम आदमी को रोककर चालान काट रहा है। रामपुर में अब यह दोहरा खेल खत्म हो गया है।

यहां के एसपी अनिल कुमार सिसोदिया ने पहले अपनी ही टीम को लाइन पर लाया है। नियम तोड़ने वाले 50 पुलिसकर्मियों को नहीं बख्शा गया। सबका चालान हुआ, चाहे वह सिपाही हो या दारोगा। संदेश बिल्कुल साफ है – नियम तोड़ोगे तो वर्दी भी नहीं बचाएगी।

शनिवार को एसपी ने दी जानकारी 

शनिवार को मिलक में जब एसपी लोगों के बीच पहुंचे तो उन्होंने यही बात सबसे पहले कही। उन्होंने कहा कि जब तक पुलिसवाला खुद हेलमेट नहीं लगाएगा, तब तक वह किसी और को हेलमेट के लिए कैसे टोकेगा? जनता की नजर सबसे पहले वर्दी पर ही जाती है।

एसपी ने दिया भाषण

कार्यक्रम में एसपी ने सिर्फ भाषण नहीं दिया, बल्कि हाथ में हेलमेट लेकर लोगों को बांटे भी। कई बाइक सवारों को रोककर समझाया कि एक हेलमेट की कीमत आपकी जान से ज्यादा नहीं है। गाड़ी चलाते समय मोबाइल कान पर लगाना, तेज स्पीड में दौड़ना, नशे में स्टीयरिंग पकड़ना – यही छोटी गलतियां बड़े हादसों में बदल जाती हैं।

उन्होंने लोगों से सात छोटी आदतें अपनाने को कहा। बाइक पर हेलमेट, कार में बेल्ट, स्पीड धीमी, फोन दूर, नशे से दूरी, सिग्नल का सम्मान और दूसरों की जान की फिक्र। एसपी बोले, चालान से डरकर नहीं, घर पर इंतजार कर रहे परिवार के लिए नियम मानिए।

अब रामपुर में लोग इस फैसले को मिसाल बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पुलिस पहले खुद सुधर जाए, तो आधी ट्रैफिक समस्या अपने आप खत्म हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *