लखनऊ। एक बच्चे को मारा गया, तो उसे इंसाफ मिलना चाहिए था। लेकिन लखनऊ के एक नामी स्कूल में उल्टा ही हो गया। पीड़ित बच्चे को ही सबके सामने खड़ा कर दिया गया। अब इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानें कब का है मामला
बात अक्टूबर के बीच की है। एल्डिको के डीपीएस में पढ़ने वाले 8 साल के बच्चे के साथ रोबोटिक्स की क्लास में झगड़ा हुआ। आरोप है कि बड़े क्लास के एक लड़के ने उसे लात मार दी। बच्चा फर्श पर गिर गया। इसके बाद वह बुरी तरह डर गया।
घर पहुंचकर उसने मां को सब बताया। पिता जो कि डीआईजी हैं, अगले दिन स्कूल पहुंचे। उन्होंने कहा कि कैमरे की रिकॉर्डिंग देखकर पता लगाइए कि किसने मारा। लेकिन आरोप है कि स्कूल ने रिकॉर्डिंग देखने के बजाय एक अजीब तरीका अपनाया।
बच्चे को एक के बाद एक कई क्लासों में ले जाया गया। हर क्लास में सैकड़ों बच्चे बैठे थे। उन सबके सामने बच्चे से पूछा जाता रहा कि बताओ किसने मारा। छोटा बच्चा सबके सामने शर्म और डर से सिमट गया। उसे ऐसा लगा जैसे गलती उसी ने की हो।

परिवार का कहना है कि बाद में भी बच्चे को क्लास में चिढ़ाया गया। वह इतना सहम गया कि अब स्कूल का नाम सुनते ही रोने लगता है।
अफसरों को लिखी चिट्ठी
परिवार ने पहले स्कूल के बड़े अधिकारियों और प्रशासन को चिट्ठी लिखी, लेकिन वहां से कोई ठोस जवाब नहीं मिला। उल्टा मामला खत्म करने का दबाव बनने लगा। तब जाकर परिवार थाने पहुंचा।
पीजीआई थाने में अब प्रिंसिपल, काउंसलर और रोबोटिक्स पढ़ाने वाले शिक्षक के खिलाफ एफआईआर हो गई है। पुलिस भी इस हाईप्रोफाइल केस में फूंक-फूंककर कदम रख रही है। स्कूल की तरफ से अभी तक इस पर कोई सफाई नहीं आई है।