Hapur: नौकरी छूटी तो अपराध की राह पर चला सिपाही, करोड़ों की डकैती का निकला मास्टरमाइंड

Share This

 

हापुड़। कभी खाकी पहनकर कानून व्यवस्था संभालने वाला एक सिपाही अब खुद पुलिस के शिकंजे में है। हापुड़ में कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में गिरफ्तार बदमाशों में यूपी पुलिस का निलंबित सिपाही विक्की गौतम भी शामिल है। पुलिस का दावा है कि डकैती की पूरी साजिश उसी ने रची थी और वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से तैयारी की थी।

ये है मामला 

घटना के खुलासे के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई। हापुड़ देहात थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डकैती में शामिल आरोपी इलाके में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने सुल्तानपुर रोड पर घेराबंदी की तो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि पांचों को दबोच लिया गया।

जांच में सामने आया है कि गिरोह को कारोबारी के घर की पूरी जानकारी पहले से थी। एक आरोपी का परिवार पहले कारोबारी के यहां काम कर चुका था, जिसके कारण बदमाशों को घर की गतिविधियों और कीमती सामान के बारे में अहम सूचनाएं मिली थीं। इन्हीं जानकारियों के आधार पर डकैती की योजना तैयार की गई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विक्की गौतम पहले यूपी पुलिस में तैनात था, लेकिन गैरहाजिर रहने के कारण उसे निलंबित कर दिया गया था। नौकरी से दूर होने के बाद उसका संपर्क अपराधियों से बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि जेल में रहने के दौरान उसकी दोस्ती कुछ बदमाशों से हुई थी, जिसके बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया।

सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से डकैती में लूटे गए आभूषण, नकदी, बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *