नोएडा में एक्शन मोड में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, FONRWA बैठक में ही SHO लाइन हाजिर, चौकी प्रभारी सस्पेंड

Share This

नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने रविवार को आयोजित FONRWA (फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन) की बैठक में जनता की शिकायतों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई कर यह साफ संदेश दिया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न सेक्टरों के निवासियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पुलिस की ढिलाई, बढ़ती चोरी और छिनैती की घटनाओं, अवैध अतिक्रमण तथा यातायात अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की।

पुलिस कमिश्नर ने लिया बड़ा फैसला

शिकायतें सुनने के बाद पुलिस कमिश्नर ने मौके पर ही बड़ा फैसला लेते हुए सेक्टर-49 थाना प्रभारी सुनील भारद्वाज को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं सेक्टर-110 चौकी प्रभारी को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। इसके अलावा फेज-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 के थाना प्रभारियों को भी कड़ी चेतावनी दी गई।

बैठक में लक्ष्मी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस का काम जनता की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने दो टूक कहा, **”जो जनता के काम में सहयोग नहीं कर सकता, उसे नौकरी करने की जरूरत नहीं है।”** उनके इस बयान के बाद बैठक में मौजूद लोगों ने कार्रवाई का स्वागत किया।

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में चोरी, छिनैती, अतिक्रमण या पुलिस की उदासीनता की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।

बैठक में दिया ये फैसला

बैठक में यह भी तय किया गया कि डीसीपी स्तर के अधिकारी हर महीने, थाना प्रभारी हर 15 दिन और चौकी प्रभारी प्रत्येक सप्ताह आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *