उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में नियुक्तियों की राह फिर से खुलने जा रही है। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही और उप निरीक्षक के लगभग 24,000 पदों पर भर्ती की तैयारी पूरी कर ली है। जैसे ही शासन से अंतिम मंजूरी मिलती है, भर्ती का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार यह प्रक्रिया 15 जून तक शुरू हो सकती है।
यह भर्ती पहले अप्रैल के आखिरी सप्ताह में प्रस्तावित थी, लेकिन कुछ औपचारिकताओं के चलते इसमें देरी हुई। अब इसे हर हाल में जून के मध्य तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन विभागों में होगी भर्ती
डीजीपी मुख्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में सिपाही संवर्ग के 19,220 पद और उप निरीक्षक (SI) के 4,543 पद शामिल हैं। सिपाही पदों में सबसे अधिक संख्या पीएसी से जुड़ी है, जिनमें महिला वाहिनी, विशेष सुरक्षा बल और घुड़सवार पुलिस जैसे वर्गों के लिए भी नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। वहीं, SI स्तर की भर्तियों में नागरिक पुलिस, महिला प्लाटून कमांडर और विशेष बलों के पद शामिल हैं।
इतने अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
भर्ती बोर्ड को इस बार बड़े पैमाने पर आवेदन मिलने की संभावना है। अनुमान है कि करीब 35 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि पिछली सिपाही भर्ती में 60,244 पदों के लिए 48 लाख से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए थे।