दिल्ली हिंसा: प्रदर्शन के दौरान 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, कई वरिष्ठ अधिकारी भी चोटिल

Share This

दिल्ली में हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में सिर्फ जवान ही नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में स्पेशल कमिश्नर, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर रैंक के अधिकारी भी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

अफसरों ने दी जानकारी

घटना के बाद एक घायल पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह जनपथ स्थित क्लेरिजेस होटल के सामने ड्यूटी पर तैनात थे। उनके मुताबिक, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी वहां जमा थे और देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी पथराव और हिंसा की चपेट में आ गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हिंसा के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर, संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।

इन धाराओं में केस दर्ज

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम (PDPP Act) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई, पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और हिंसक गतिविधियों को अंजाम दिया गया। मामले की जांच जारी है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *