CJP Protest: हिंसा और झड़प के बीच दिल्ली पुलिस की अपील, अफवाहों से बचें, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग

Share This

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान हुई झड़प और तनावपूर्ण स्थिति के बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा कि सभी प्रदर्शनकारी संयम बरतें, शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कानूनी निर्देशों का पालन करें।

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया ये

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल होने से बचें। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों, गलत जानकारी या अपुष्ट दावों पर भरोसा न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। पुलिस ने लोगों से केवल विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेने का आग्रह किया है।

ये है मामला

दरअसल, संसद के मानसून सत्र के पहले दिन CJP की ओर से संसद मार्च का आह्वान किया गया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचे और संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने बैरिकेडिंग की और भीड़ को रोकने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने की खबरें सामने आईं। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। दिल्ली पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग के पास ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित तौर पर फेंके गए पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गए।

फिलहाल राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने दोहराया है कि शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है और नागरिकों से इसमें सहयोग की अपेक्षा की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *