यूपी में दिवाली-छठ तक पुलिसकर्मियों की छुट्टी पर रोक, योगी सरकार ने जारी किए निर्देश

Share This

उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान सरकारी महकमों में छुट्टियों का इंतजार कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को फिलहाल छुट्टी नहीं मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली, छठ पूजा और देव दीपावली समेत आगामी पर्वों को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कर्मचारियों के अवकाश रद्द करने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था शासन स्तर से लेकर जिलों, तहसीलों और थानों तक लागू होगी।

मंगलवार रात मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा हुई। इसी दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि पर्वों के मद्देनजर किसी भी स्तर पर कर्मचारियों की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के पहले से स्वीकृत अवकाश भी निरस्त कर दिए गए हैं।

थाना से लेकर शासन तक लागू होगा फैसला

सरकार के इस निर्देश के बाद पुलिस विभाग के साथ-साथ दूसरे प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी त्योहारों के दौरान अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि दीपोत्सव, दिवाली, छठ और देव दीपावली के आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहे।

त्योहारों के दौरान छुट्टी नहीं, सुरक्षा पर रहेगा जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोई ढिलाई न बरती जाए। खासकर बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ अधिकारी भी अपने क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करेंगे।

सरकार का यह फैसला आगामी त्योहारों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को सक्रिय रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और आम लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की सुविधा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *