24 घंटे काम करेगी एंबुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से 24×7 एंबुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल स्थापित किया जा रहा है। यह सेल एंबुलेंस को ट्रैफिक में रास्ता दिलाने और जरूरत पड़ने पर ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराने में मदद करेगा।
इसके लिए पुलिस ने विशेष हेल्पलाइन नंबर 9218891716 जारी किया है। एंबुलेंस संचालक इस नंबर पर संपर्क करके ट्रैफिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस संभालेगी मोर्चा
OPERATION FAST के तहत एंबुलेंस के निर्धारित रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती और यातायात का संचालन किया जाएगा। एंबुलेंस की लोकेशन और रूट के अनुसार पुलिस ट्रैफिक को नियंत्रित करेगी, जिससे उसे बिना रुकावट अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।
इस व्यवस्था से खासतौर पर उन मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत होती है।
12 किलोमीटर का ट्रायल रन 10 मिनट में पूरा
पुलिस की इस पहल का ट्रायल भी किया गया। चिल्ला बॉर्डर से मैक्स और फोर्टिस अस्पताल तक करीब 12 किलोमीटर का ट्रायल रन लगभग 10 मिनट में पूरा किया गया। इस दौरान एंबुलेंस को रास्ता उपलब्ध कराने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था का परीक्षण किया गया।
सड़क हादसों में घायलों को भी मिलेगा फायदा
पुलिस की इस नई व्यवस्था से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी। OPERATION FAST के जरिए गौतमबुद्धनगर पुलिस का प्रयास है कि ट्रैफिक जाम किसी मरीज के इलाज में बाधा न बने और समय रहते लोगों की अनमोल जिंदगी बचाई जा सके।