लखनऊ तिहरे हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले DGP राजीव कृष्णा, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, सुरक्षा का दिया भरोसा

Share This

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज स्थित नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी को उचित न्याय दिलाने का भरोसा दिया। डीजीपी ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाएगी।

घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार से की मुलाकात

डीजीपी राजीव कृष्णा शुक्रवार को ब्राह्मणी टोला पहुंचे और 26 अक्टूबर को हुए हत्याकांड से जुड़े घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की। शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी ने उनसे मुलाकात के दौरान आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। डीजीपी ने परिवार को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन भी दिया।

गौरतलब है कि 26 अक्टूबर को कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद में सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात का मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला बताया गया है। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।

इस मामले में राजेश शुक्ला और दिव्या समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेश शुक्ला और दिव्या अभी फरार हैं। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पत्नी ने की आरोपियों के एनकाउंटर और फांसी की मांग

मुलाकात के दौरान ऊषा तिवारी ने राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला के एनकाउंटर की मांग की। साथ ही मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग उठाई। डीजीपी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *