अलीगढ़ में पुलिस विभाग की वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइंस क्षेत्र के सिविल कोर्ट परिसर में एक पुलिसकर्मी शराब के नशे में घूमता मिला। कोर्ट में मौजूद लोगों ने जब नशे में धुत सिपाही को देखा तो वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
मामला संज्ञान में आते ही एसएसपी नीरज जादौन ने सख्त कार्रवाई की। आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार, आरोपी सिपाही ड्यूटी के दौरान ही शराब पीकर कोर्ट परिसर में घूम रहा था। लड़खड़ाते हुए चलने और वर्दी में होने के बावजूद नशे में होने से कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और फरियादियों में चर्चा होने लगी। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ तृतीय को सौंपी।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी के शराब पीकर ड्यूटी करने की पुष्टि हुई है। एसएसपी के आदेश पर उसे निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी नीरज जादौन ने स्पष्ट किया है कि वर्दी में अनुशासनहीनता और शराब पीकर ड्यूटी करना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को अपनी आचरण और मर्यादा का ध्यान रखना होगा। इस तरह की घटनाएं पुलिस की छवि को धूमिल करती हैं।
फिलहाल निलंबित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।