लखनऊ में पुलिस या फौज के जवान को निशाना बनाने की साजिश रच रहे तीन युवकों को यूपी ATS ने धर दबोचा है। साथ में एक नाबालिग भी पुलिस की निगरानी में है। ATS को इनके पास से विदेशी पिस्टल और 20 कारतूस मिले हैं।
पकड़े गए युवक पंजाब से हैं – गगनदीप सिंह और रजत कुमार अमृतसर के, जबकि तीसरा क्रिश गुरदासपुर का रहने वाला है।
जांच में सामने आया कि ये तीनों बैन संगठन शहजाद भट्टी नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे। पाकिस्तान में बैठा इनका हैंडलर राना भाई इन्हें वॉट्सऐप पर वर्चुअल नंबर से निर्देश दे रहा था।
एडीजी ने दी जानकारी
ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, आरोपियों को टास्क दिया गया था – लखनऊ में किसी वर्दीधारी की हत्या करो, वीडियो भेजो और तीन लाख रुपये लो।
ये 27 अक्टूबर को अमृतसर से निकले और दिल्ली होते हुए 29 अक्टूबर की रात लखनऊ पहुंच गए। यहां पहुंचते ही रेलवे स्टेशन का वीडियो शूट कर हैंडलर को भेजा।
आरोपियों ने बताया कि पिस्टल लखनऊ में ही एक लोकल संपर्क ने दी थी। मूल प्लान पाकिस्तान से हथियार भेजने का था। किराये-खर्च के लिए भी पैसा हैंडलर ने ही भेजा था। काम के बाद नेपाल भागने की तैयारी थी।
मिले कई सुराग
ATS को इनके फोन से कई अहम सुराग मिले हैं – विदेशी नंबरों से चैट, कुछ संवेदनशील जगहों की रेकी के वीडियो। अब टीम पता लगा रही है कि हथियार कहां से आया और लोकल मदद किसने की।
ATS थाने में UAPA, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर कोर्ट में पेशी की तैयारी है। रिमांड लेकर नेटवर्क की बाकी कड़ियां जोड़ी जाएंगी।