शराब पीकर शिव मंदिर पहुंचे, कांवड़ियों से अभद्रता; मुरादाबाद SSP ने दो सिपाहियों को किया निलंबित

Share This

मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गैरजिम्मेदाराना हरकत सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। शराब के नशे में शिव मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों से अभद्रता करने और साथी पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार करने के आरोप में दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार पुलिस लाइंस में तैनात कॉन्स्टेबल गौरव कुमार और राममोहन शर्मा की ड्यूटी कांठ क्षेत्र की सलेमपुर चौकी पर कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई थी। आरोप है कि दोनों निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के बजाय शराब पीने निकल गए। देर रात दोनों छजलैट क्षेत्र के पचोकरा खानपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में कांवड़िए मौजूद थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे की हालत में दोनों सिपाहियों ने कांवड़ियों से अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। विरोध होने पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उनके साथ भी गाली-गलौज कर दी। घटना की सूचना मिलते ही छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों सिपाहियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

सोमवार सुबह दोनों का कांठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद पूरी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई।

एसएसपी ने की कार्रवाई

रिपोर्ट मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील धार्मिक आयोजन के दौरान अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद विभाग ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश भी दोहराए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *