सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अलग-अलग राज्यों की ओर रवाना हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस और वन विभाग ने हरिद्वार-मुरादाबाद कांवड़ मार्ग के एक हिस्से पर विशेष अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे तेंदुआ प्रभावित इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और रात के समय इस रास्ते का इस्तेमाल न करें।
25 किलोमीटर लगाए गए होर्डिंग
प्रशासन की ओर से करीब 25 किलोमीटर लंबे मार्ग पर चेतावनी वाले होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि यह क्षेत्र गुलदार (तेंदुआ) की गतिविधियों वाला इलाका है। कांवड़ियों को सलाह दी गई है कि वे अकेले यात्रा न करें, हमेशा समूह में चलें और सुनसान स्थानों पर रुकने से बचें। पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी भी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने बताया ये
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस इलाके में पहले भी कई बार तेंदुए की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसी वजह से वन विभाग और पुलिस ने एहतियात के तौर पर यह एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है और सभी से निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।