बरेली में सीएम योगी को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, हिरासत में पहुंचते ही बदले तेवर

Share This

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले अनिल कुमार नामक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर कई बार कॉल कर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी उसने अभद्रता की।

ये है मामला

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर भोजीपुरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का रवैया पूरी तरह बदल गया। पुलिस कस्टडी से सामने आए वीडियो में वह हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह अपने व्यवहार पर पछतावा जताते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कह रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 31 जुलाई की है, जब आरोपी ने लगातार कंट्रोल रूम पर कॉल कर धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सीओ ने दी जानकारी

क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *