फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र के सहारे पाई यूपी पुलिस में नौकरी, कई कांस्टेबलों पर केस दर्ज

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती में फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मिर्जापुर जिले के कई अभ्यर्थियों ने स्वयं को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का आश्रित बताकर कथित रूप से फर्जी प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल किया और आरक्षण का लाभ लेकर पुलिस विभाग में नियुक्ति प्राप्त कर ली।

ये हैं आरोपी

आरोपियों की पहचान खुशबू गुप्ता, अभिषेक पांडेय, शुभम दुबे, रविशंकर, प्रदीप कुमार, अजय कुमार, आकाश मिश्रा और दिव्यांशु यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी वर्तमान में प्रतापगढ़ जिले में तैनात हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई, जिसमें प्रमाणपत्रों की वैधता पर सवाल खड़े हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नौकरी पाने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित श्रेणी के कथित फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत किए गए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रतापगढ़ में सभी आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी प्रमाणपत्र किस स्तर पर और किन माध्यमों से तैयार किए गए।

हो रही है जांच

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस पूरे प्रकरण में कोई संगठित गिरोह या अन्य व्यक्ति भी शामिल हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ सेवा समाप्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

फिलहाल मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *