बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र में तैनात एक सिपाही ने गुरुवार तड़के अपनी सरकारी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक सिपाही का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने थाने के कुछ पुलिसकर्मियों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। ऑडियो सामने आने के बाद एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर मामले की जांच शुरू करा दी है।
ये है मामला
आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र के सीकेचा गांव निवासी सुधीर ठाकुर (25) वर्ष 2025 बैच का सिपाही था। वह करीब तीन महीने पहले औरंगाबाद थाने में तैनात हुआ था। गुरुवार रात उसकी ड्यूटी लखावटी पुलिस चौकी पर थी।
पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब तीन बजे सुधीर लखावटी मध्य गंग नहर की पटरी पर पहुंचा था। इसी दौरान उसका साथी सिपाही सौरभ शर्मा भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि सुधीर ने पहले अपनी राइफल से हवाई फायर किया। गोली चलने की आवाज सुनकर सौरभ तुरंत चौकी पहुंचा और पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन इससे पहले ही सुधीर ने अपनी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली गर्दन में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
ऑडियो आया सामने
घटना के बाद मृतक सिपाही का एक कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें वह मुंशी अंकित गुर्जर, थाना प्रभारी राहुल चौधरी और सिपाही सुधीर कुमार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहा है। ऑडियो में वह परेशान होकर नौकरी छोड़ने और जीवन समाप्त करने की बात कह रहा है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से सभी को लाइ हाजिर कर दिया है, और कार्रवाई शुरू कर दी है।