मथुरा से ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस विभाग को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जिस वर्दी पर कानून लागू कराने की जिम्मेदारी है, उसी वर्दी में तैनात एक सिपाही पर नशे के कारोबार में शामिल होने का आरोप लगा है। महावन थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान डायल 112 में तैनात कांस्टेबल को उसके साथी के साथ दबोच लिया।
ये है मामला
पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच एक बाइक को रोककर तलाशी ली गई तो पुलिस भी चौंक गई। वाहन से करीब 20 किलो गांजा और दो लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए शख्स की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई, जो यूपी पुलिस में कांस्टेबल है। उसके साथ मौजूद दूसरा आरोपी पुष्पेंद्र भी गिरफ्तार किया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह पहली बार था? शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी सिपाही का नाम पहले भी तस्करी से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। इसके बाद विभाग में भी हलचल मच गई।
सिपाही सस्पेंड
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल सख्त रुख अपनाया। आरोपी कांस्टेबल को निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी गई है। वहीं दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।