महोबा जिले में पुलिस के व्यवहार को लेकर एक नया मामला सामने आया है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना महोबकंठ क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू करा दी है।
ये था मामला
बताया जा रहा है कि उमरई गांव निवासी संदीप नामक युवक ने गांव के कुछ लोगों पर रास्ता रोककर मारपीट करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया था। इसी शिकायत को लेकर वह महोबकंठ थाने पहुंचा था। युवक का कहना है कि थाने में मौजूद दारोगा ने कार्रवाई का भरोसा देकर उसे अपने साथ गांव चलने के लिए कहा।
आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद स्थिति उलट गई और शिकायत की जांच करने पहुंचे दारोगा ने ही युवक के साथ सख्ती शुरू कर दी। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को थप्पड़ मारते और खींचतान करते दिखाई दे रहे हैं। युवक ने आरोप लगाया कि उसके साथ गाली-गलौज भी की गई और बाद में थाने ले जाकर घंटों बैठाए रखा गया।
वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच में युवक की शिकायत सही नहीं पाई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक का पहले भी एक मामले में चालान हो चुका है और इस बार दी गई सूचना तथ्यहीन निकली।
हालांकि अधिकारियों ने साफ किया कि शिकायत झूठी होने के बावजूद किसी भी पुलिसकर्मी को कानून हाथ में लेने या अभद्र व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। इसी आधार पर संबंधित दारोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।