शादी का झांसा देकर एएनएम का शोषण करने वाला सिपाही गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Share This

 

मेरठ। शादी का झांसा देकर स्वास्थ्य विभाग की एक एएनएम के साथ कथित तौर पर यौन, आर्थिक और मानसिक शोषण करने के आरोप में यूपी पुलिस के एक सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित सिपाही वर्तमान में शामली जनपद के कैराना क्षेत्र में तैनात है।

ये है मामला 

पुलिस के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हाथरस निवासी एएनएम ने 17 मार्च को थाना मवाना में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि मवाना क्षेत्र के भीष्मनगर उर्फ भैंसा निवासी सिपाही निर्देश कुमार ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन बाद में आरोपित अपने वादे से मुकर गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने उसके साथ आर्थिक धोखाधड़ी करते हुए मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि सिपाही ने शादी का आश्वासन देकर पीड़िता का लंबे समय तक शोषण किया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।

सिपाही गिरफ्तार

पुलिस ने शनिवार को आरोपित सिपाही को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *