गोल्डन आवर्स में मददगार बनी यातायात पुलिस, 10 हादसा पीड़ितों को मिला मुफ्त इलाज

Share This

 

 

नोएडा। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री राहत योजना का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। नोएडा में स्वास्थ्य विभाग और यातायात पुलिस के समन्वय से पिछले 15 दिनों के दौरान 10 गंभीर घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों का कहना है कि गोल्डन आवर्स में मिले उपचार ने इन लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये है योजना

योजना के तहत जनपद के सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़कर एक विशेष नेटवर्क तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने 61 अस्पतालों की सूची बनाकर उनके नोडल अधिकारियों की जानकारी यातायात पुलिस को उपलब्ध कराई है। इसके बाद दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पतालों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

यातायात पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में दादरी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई दुर्घटनाओं के मामलों में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कई ऐसे मरीज शामिल थे जिनकी हालत गंभीर थी और इलाज में देरी होने पर उनकी जान को खतरा हो सकता था।

डीसीपी ने दी जानकारी 

डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि योजना के अंतर्गत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को निर्धारित अवधि तक डेढ़ लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलती है।

अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश घायलों का इलाज जिम्स, जिला अस्पताल और अन्य निजी चिकित्सा संस्थानों में किया गया। उपचार पूरा होने के बाद सभी मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। योजना को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और यातायात पुलिस के बीच जल्द ही समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *