Noida: जनशिकायतों में लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर का सख्त एक्शन, बादलपुर थाना प्रभारी हटाए गए

Share This

 

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में जवाबदेही और कार्यकुशलता को लेकर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस लाइन भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।

इसलिए हुई कार्रवाई 

बताया जा रहा है कि थाना स्तर पर प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही थी। इसी क्रम में निरीक्षण और मूल्यांकन के दौरान थाना बादलपुर में शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कमिश्नरेट पुलिस का मानना है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार को हटाने का निर्णय भी इसी नीति के तहत लिया गया है।

किसी को नहीं मिलेगी राहत

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की इस कार्रवाई को कमिश्नरेट में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी।

प्रशासनिक और जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी कार्य में शिथिलता पाए जाने पर इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *