बरेली : शादीशुदा होने की बात छिपाकर महिला आरक्षी से संबंध बनाने के आरोप में सिपाही निलंबित

Share This

बरेली जिले के शाही थाने में तैनात सिपाही अमित चौधरी को महिला आरक्षी से जुड़े एक विवादित मामले में निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि सिपाही ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर एक महिला आरक्षी के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और उसे शादी का भरोसा दिया। बाद में जब महिला आरक्षी को सिपाही के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।

महिला सिपाही ने किया आत्महत्या का प्रयास

जानकारी के अनुसार, महिला आरक्षी को जब सच्चाई का पता चला तो उसने सिपाही से इस संबंध में बातचीत की। इसके बाद वह तनाव में आ गई और 31 मई को एक साथ कई दवाइयों का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना स्तर से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने सिपाही अमित चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

अफसरों ने कहा ये

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के मामलों से विभाग की साख प्रभावित होती है। इसलिए पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इस बीच, सोशल मीडिया पर शाही थाने से जुड़े कुछ अन्य कथित प्रेम प्रसंगों की भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने वायरल संदेशों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। यदि किसी अन्य प्रकरण में तथ्य सामने आते हैं तो उस पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *