उत्तर प्रदेश में सोमवार, 8 जून 2026 को यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में कुल 1,183 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्ट में आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रमोशन बोर्ड (UPPRPB) की ओर से जानकारी दी गई कि परीक्षा के लिए कुल 9,62,832 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन इसमें से 7,23,540 यानी 75.15 प्रतिशत उम्मीदवार ही परीक्षा में उपस्थित हुए।
कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा
बोर्ड ने बताया कि पूरे प्रदेश में परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी रखी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती, सर्विलांस सिस्टम, तलाशी और सोशल मीडिया पर निगरानी के जरिए किसी भी गलत सूचना या पेपर लीक के प्रयास को रोका गया।
हालांकि, आजमगढ़ जिले में एक युवक के खिलाफ सोशल मीडिया पर परीक्षा के बारे में गलत जानकारी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। परीक्षा केंद्रों पर सख्ती का स्तर भी उच्च रहा। झांसी में अभ्यर्थियों के जूते-मोजे उतारे गए, सहारनपुर में सोने की चेन और चश्मे उतारने पड़े, जबकि वाराणसी और कानपुर में बाल और दाढ़ी की जांच भी की गई।
परीक्षा के दौरान बाराबंकी जिले से एक दुखद घटना भी हुई। परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हुआ।
नहीं होगी निगेटिव मार्किंग
बोर्ड ने बताया कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में कुल 28 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल होंगे। परीक्षा में कुल 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों के लिए 150 सवाल पूछे जाएंगे, प्रत्येक सवाल के 2 अंक होंगे। इस बार नेगेटिव मार्किंग हटा दी गई है। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें पुरुषों को 4.8 किलोमीटर दौड़ 25 मिनट और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी।