आगरा में डूबती युवती की जान बचाकर साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी को पुलिस कमिश्नर ने सम्मानित किया है। उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए प्रशस्ति-पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें प्रशंसा चिन्ह दिलाने के लिए भी अनुशंसा की गई है।
ये था मामला
मंगलवार को थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्वालियर गेट के पास स्थित एक गहरे तालाब में एक युवती डूबने लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती को बचाने के लिए आसपास मौजूद लोग शोर मचाकर मदद मांग रहे थे। इसी दौरान थाना फतेहपुर सीकरी की चीता मोबाइल वहां से गुजर रही थी। लोगों की आवाज सुनकर चीता मोबाइल पर तैनात रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी तुरंत मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि युवती करीब 20 से 25 फुट गहरे तालाब में जीवन और मौत से जूझ रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दीपक सोलंकी ने बिना समय गंवाए अपने जूते उतारे और वर्दी में ही तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अस्थायी रस्सी की मदद से युवती तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। आरक्षी के इस साहसिक कदम की स्थानीय लोगों ने भी जमकर सराहना की।
पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मानित
गुरुवार को पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार ने रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका यह कार्य पुलिस सेवा के मानवीय और कर्तव्यनिष्ठ स्वरूप को दर्शाता है। विभाग ने उनके साहस और तत्परता की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।