उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक पेंटर की पिटाई के मामले में कार्रवाई न करना पुलिस अधिकारियों को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतपाल अंतिल ने पाकबड़ा थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है, जबकि सीओ हाईवे राजेश कुमार को भी उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई उमरी सब्जीपुर गांव निवासी पेंटर मुकेश की मौत के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद की गई है।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार, 24 मई को गांव के कुछ दबंगों ने मुकेश की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल मुकेश को उसके परिजन न्याय की उम्मीद में पाकबड़ा थाने लेकर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि थाना प्रभारी योगेश कुमार ने शिकायत के बावजूद कोई एफआईआर दर्ज नहीं की और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की।
घटना के बाद मुकेश का इलाज चलता रहा, लेकिन 27 मई को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
ऑनलाइन मीटिंग में एसएसपी ने कहा ये
एसएसपी सतपाल अंतिल ने एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक के दौरान इस मामले की जानकारी ली। जब थाना प्रभारी योगेश कुमार से पूछा गया कि शिकायत मिलने के बावजूद मुकदमा क्यों दर्ज नहीं किया गया, तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर करने के आदेश दिए। साथ ही मामले की निगरानी में लापरवाही बरतने पर सीओ हाईवे राजेश कुमार को भी हटा दिया गया।
गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले एक दरोगा को दो वर्ष पहले मृत हो चुके व्यक्ति को शांति भंग में पाबंद करने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को लापरवाही के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।