उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को यात्रा के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए विशेष बसों का संचालन किया जाएगा और किराये में भी रियायत दी जाएगी।
सीएम ने कहा ये
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को धूप में खड़ा रहने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
पुलिस बल रहेगा तैनात
परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री ने 6 जून को पूर्वाभ्यास कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे परीक्षा दिवस पर किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या सामने न आए। उन्होंने बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रखने पर भी जोर दिया।