Saharanpur: मुठभेड़ में ‘अफसर’ गिरफ्तार, 25 हजार का था ईनामी

Share This

सहारनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। ताजा मामला थाना मिर्जापुर क्षेत्र की शाकंभरी चौकी का है, जहां देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में 25 हजार का इनामी बदमाश अफसर पुलिस की गिरफ्त में आ गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

ऐसे हुई कार्रवाई 

शनिवार देर रात शाकंभरी चौकी इंचार्ज और बादशाही बाग चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ कासिमपुर पुलिया पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसका साथी खेतों की आड़ लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन फरार बदमाश हाथ नहीं लग सका।

कौन है बदमाश

गिरफ्तार बदमाश की पहचान अफसर पुत्र इकराम निवासी नकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। वह नकुड़ थाने में दर्ज एक चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। एसएसपी कार्यालय ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद हुई। यह बाइक भी थाना मिर्जापुर में दर्ज चोरी के केस से जुड़ी पाई गई। पुलिस का कहना है कि फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *