पीलीभीत पुलिस विभाग में लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से गायब चल रहे पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने विभागीय अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए 15 कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इनमें तीन उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी, आठ आरक्षी, एक महिला आरक्षी और दो सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
ये है मामला
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, संबंधित कर्मी निर्धारित अवकाश अवधि समाप्त होने के बाद भी ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और न ही विभाग को संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराई। कई बार संपर्क और अभिलेखों की समीक्षा के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन सर्वोपरि है और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
निलंबित किए गए कर्मियों में पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में तैनात उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल हैं। जांच में सामने आया कि कुछ कर्मचारी कई सप्ताह से तो कुछ कई महीनों से अपनी जिम्मेदारियों से दूर थे। विभागीय रिकॉर्ड में उनकी अनुपस्थिति लगातार दर्ज की जा रही थी।
कार्रवाई की जद में एक महिला आरक्षी के साथ दो सफाई कर्मचारी भी आए हैं, जो लंबे समय से बिना स्वीकृति ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे थे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ऐसे मामलों से विभाग की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और आमजन को मिलने वाली सेवाओं पर भी असर पड़ता है।
एसपी ने कहा ये
एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि पुलिस विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि सेवा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी अनाधिकृत अनुपस्थिति या ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।