उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी के दौरान रील और सोशल मीडिया वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों को सख्त नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का दायित्व कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, इसलिए ड्यूटी के समय पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ काम करना जरूरी है।
सीएम ने कहा ये
मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कही। अपने संबोधन में उन्होंने अनुशासन, जिम्मेदारी और कार्य के प्रति समर्पण को पुलिस सेवा की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
सीएम योगी ने कहा कि आजकल अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग ड्यूटी के दौरान रील बनाने या सोशल मीडिया गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का हिस्सा है। जिस समय किसी कर्मचारी या पुलिसकर्मी की ड्यूटी है, उस समय उसका पूरा ध्यान अपने दायित्वों के निर्वहन पर होना चाहिए, न कि रील बनाने पर।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने कार्य के प्रति उतनी ही गंभीरता और सजगता रखनी चाहिए, जितनी उससे अपेक्षा की जाती है। तभी कार्य गरिमापूर्ण ढंग से पूरा होगा और उसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे व्यक्ति या विभाग अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बने और पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हों।
जिम्मेदारी सही से निभाएं
योगी आदित्यनाथ ने टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि जिस कर्मचारी की जहां जिम्मेदारी तय है, उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए। जब सभी लोग अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तो परिणाम स्वतः दिखाई देंगे। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे तकनीक का उपयोग कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए करें और अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं।