लखनऊ में सीएम योगी ने 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पुलिस व्यवस्था को बताया ‘मॉडल पुलिसिंग’

Share This

राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 930 कंप्यूटर ऑपरेटर (ग्रेड-ए) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम ने कहा ये

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुशासन और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यूपी पुलिस को “मॉडल पुलिसिंग” का उदाहरण बताया और कहा कि आज राज्य की कानून-व्यवस्था पहले की तुलना में पूरी तरह बदली हुई और मजबूत हुई है।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की चुनौतियां अधिक थीं और कई क्षेत्रों में असुरक्षा का माहौल रहता था। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई पर आधारित व्यवस्था बनाना है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले जहां पुलिस प्रशिक्षण की सीमित व्यवस्था थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। इसके साथ ही फोरेंसिक सुविधाओं का विस्तार, हर जिले में साइबर थानों की स्थापना और आधुनिक पुलिसिंग सिस्टम को मजबूत किया गया है।

बोले- अब अपराध नियंत्रण में

सीएम योगी ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण है और पुलिस तंत्र पहले की तुलना में अधिक सक्षम हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और अब किसी भी स्तर पर सिफारिश की जरूरत नहीं रह गई है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने चयनित कंप्यूटर ऑपरेटरों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *