तालाब में डूब रही युवती को बचाने के लिए वर्दी में ही कूदा सिपाही, पुलिस कमिश्नर करेंगे सम्मानित

Share This

आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में मंगलवार को एक रिक्रूट आरक्षी ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक युवती की जान बचाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। यह घटना 3 जून 2026 की है, जब ग्वालियर गेट के पास स्थित लगभग 20 से 25 फुट गहरे तालाब में एक युवती डूब रही थी।

ये था मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती को डूबता देख स्थानीय लोग शोर मचाकर मदद की गुहार लगा रहे थे। इसी दौरान थाना फतेहपुर सीकरी की चीता मोबाइल वहां से गुजर रही थी। लोगों की आवाज सुनकर चीता मोबाइल पर तैनात रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवती गहरे पानी में संघर्ष कर रही है और उसकी जान खतरे में है।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरक्षी दीपक सोलंकी ने बिना एक पल गंवाए अपने जूते उतारे और वर्दी में ही तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने पूरी बहादुरी और सूझबूझ के साथ अस्थायी रस्सी की सहायता ली तथा युवती तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवती को तालाब से बाहर निकालने के बाद तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरक्षी की इस बहादुरी की स्थानीय लोगों ने भी जमकर सराहना की।

पुलिस कमिश्नर ने किया एलान

पुलिस विभाग ने भी आरक्षी दीपक सोलंकी के इस साहसिक कार्य की प्रशंसा की है। पुलिस कमिश्नर आगरा, दीपक कुमार आईपीएस ने उनके उत्कृष्ट साहस, कर्तव्यपरायणता और जीवन रक्षा के प्रयासों को देखते हुए उन्हें 1000 रुपये के नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *