हौजरानी अग्निकांड में जान जोखिम में डालकर बचाई 40 लोगों की जिंदगी, 10 पुलिसकर्मी घायल

Share This

 

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौजरानी इलाके में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह लगी भीषण आग के दौरान लोगों की जान बचाने में जुटे 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

ये है मामला 

जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्टोरेंट और इमारत के अंदर कई लोग फंसे हुए थे। धुएं और आग के बीच पुलिसकर्मी बिना अपनी जान की परवाह किए ‘रेड जोन’ में दाखिल हुए और बचाव अभियान चलाया। इसी दौरान धुएं, गर्मी और अन्य परिस्थितियों के कारण 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

घायल पुलिसकर्मियों में मालवीय नगर थाने के हवलदार करतार, सिपाही विक्रम, सिपाही दीपक और सिपाही रामपाल शामिल हैं। इसके अलावा पीसीआर के सिपाही रविरंजन तथा नेब सराय थाने के सिपाही संदीप, हवलदार हरज्ञान, हवलदार प्रेम चंद, हवलदार जितेंद्र और हवलदार दिनेश भी घायल हुए हैं।

40 लोग निकले बाहर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन जवानों की बहादुरी और तत्परता की वजह से करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, यह हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ और मृतकों की संख्या बढ़कर 21 पहुंच गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। अधिकारियों ने घायल पुलिसकर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी वजह से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *